कांग्रेस में सर्जरी का दौर शुरू: 230 विधानसभा अध्यक्ष को हटाया गया

User Rating: 0 / 5

Star InactiveStar InactiveStar InactiveStar InactiveStar Inactive
 

भोपाल। लोकसभा चुनाव में विपरीत परिणामों के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस में सर्जरी का दौर शुरू हो गया है। सबसे पहले यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष और इकाईयों को भंग कर दिया गया है। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र सिंह यादव ने इसके संकेत दिए थे।
आदेश में लिखा गया कि भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव शेषनारायण ओझा की स्वीकृति और मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह यादव के आदेशानुसार एमपी के सभी जिला इकाईयों के अंतर्गत के विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष और उनके विधानसभा इकाईयों के पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाता है। साथ ही अभी तक उनके द्वारा दिए गए संगठनात्मक सहयोग की प्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा सराहना भी की गई है।
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मितेंद्र सिंह ने कहा कि जो काम नहीं करेगा, उसके लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है। जिन विधानसभा अध्यक्षों ने काम किया उन्हें फिर से मौका दिया जाएगा। 10 जून को पार्टी ने यूथ कांग्रेस की बड़ी बुलाई है। यह मीटिंग भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में होगी। जिसमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, यूथ कांग्रेस प्रदेश प्रभारी शेषनारायण ओझा समेत प्रदेश के सभी पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में पदाधिकारीयों को लोकसभा चुनाव के दौरान किए गए काम के पूरे ब्यौरे और रिपोर्ट के साथ बुलाया गया है। सभी पदाधिकारी को बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने के लिए सख्त हिदायत दी गई है।