दरगाह में भगवा रंग पोता, तोड़फोड़ की,मुस्लिम समाज ने हाईवे किया जाम; 2 थानों और जिले से पहुंचा पुलिस बल

User Rating: 0 / 5

Star InactiveStar InactiveStar InactiveStar InactiveStar Inactive
 

नर्मदापुरम। नर्मदापुरम (होशंगाबाद) में दरगाह में भगवा रंग पोतकर तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। मामला बाबई कस्बे में सेमरी हरचंद रोड वाली दरगाह का है। इसकी दीवारों और गुंबद पर भगवा और लाल रंग पोत दिया गया। इससे नाराज मुस्लिम समाज के लोगों ने रविवार सुबह नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा। FIR कर सख्त एक्शन लेने की बात कहकर लोगों को समझाया। करीब 15 मिनट बाद ही हाईवे से जाम हट गया।
नदी किनारे बनी मजार के साथ शनिवार रात छेड़छाड़ की गई। सुबह खादिम मजार पहुंचा तो दूसरे लोगों को जानकारी दी। सुबह 8.15 बजे समाज के लोगों ने हाईवे पर जाम लगाकर नारेबाजी की। बाबई तहसीलदार दिलीप चौरसिया, नायब तहसीलदार अतुल श्रीवास्तव, थाना प्रभारी हेमंत कुमार श्रीवास्तव, सोहागपुर तहसीलदार पुष्पेंद्र निगम और सोहागपुर TI विक्रम रजक मौके पर पहुंचे। बाबई, सोहागपुर, पिपरिया, नर्मदापुरम, जिला पुलिस लाइन से भी फोर्स पहुंचा। लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। दोपहर बाद मजार के गुंबद व अन्य हिस्सों में वापस हरा रंग पुतवा दिया गया।
थाना प्रभारी हेमंत श्रीवास्तव ने बताया कि असामाजिक तत्वों ने मजार से छेड़छाड़ की है। प्रशासन और पुलिस टीम सुबह 8.45 बजे मौके पर पहुंच गई थी। समाज के लोगों को समझाकर उन्हें शांत कराया गया है।​​​​​ बाबई तहसीलदार पुष्पेंद्र निगम ने बताया कि स्थिति अब सामान्य है। असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करेंगे।
एसपी डॉ. गुरकरन सिंह ने कहा- तनावपूर्ण माहौल बनने से बाबई, सोहागपुर थाने के अलावा पुलिस लाइन से बल भेजा गया है। स्थिति नियंत्रण में है। एक माह में जिले में दूसरी बार मजार से छेड़छाड़ की घटना हुई है। साक्ष्य जुटा रहे हैं। बाबई की घटना को पचमढ़ी वाली घटना से जोड़कर मामले की जांच कर रहे हैं।थी
जिले में धर्मस्थल से छेड़छाड़ करने की एक माह में यह दूसरी घटना है। पिछले महीने 14 जनवरी को पचमढ़ी में देनवा दर्शन के पास मजार के साथ असामाजिक तत्वों ने छेड़छाड़ की थी। वहां भी समाज के लोगों में चक्काजाम किया था। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने रातोंरात मजार पर सुधार किया था।